नहटौर में महिला की गोली लगने से मौत
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नहटौर क्षेत्र के गांव फुलसंदा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शुक्रवार रात एक महिला की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि मृतका बबली (48 वर्ष) पत्नी फकीरचंद ने अपनी बेटी की शादी बड़े अरमानों के साथ की थी, लेकिन बेटी ज्यादा दिन ससुराल में नहीं रह सकी और वापस अपने मायके लौट आई। इसके बाद वह अपने पुराने परिचित युवक के साथ रहने लगी और दोनों ने अदालत में विवाह कर लिया।
इस घटना के बाद परिवार के बीच तनाव और विवाद बढ़ने लगे। मामला थाने और अदालत तक पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से कानूनी विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे महिला को गोली लगने की सूचना मिली। गंभीर रूप से घायल महिला जमीन पर गिर गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो चीफ रामगोपाल धनगर जनादेश भारत न्यूज़
Labels : #Bijnor News ,#breakingnews ,#HindiNews ,#janadeshBharat ,#latestnews ,#NahaturNews ,#trendingnews ,#UPNews ,#viralnews ,