बिजनौर के कोतवाली शहर पुलिस ने अनिल सोती हत्याकांड का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक हत्या जमीन विवाद और पैसों के लेनदेन से जुड़ी साजिश के तहत की गई। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 28 हजार 240 रुपये और हत्या में इस्तेमाल नाड़ा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 7 अगस्त को आलोक शर्मा की तहरीर पर अनिल सोती की हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पांच अन्य आरोपियों के नाम सामने आए और मुकदमे में साजिश की धारा 61(2) बीएनएस बढ़ाई गई। पुलिस का दावा है कि जमीन संबंधी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने अनिल सोती से संपर्क बढ़ाया और फिर अपने साथियों को लालच देकर साजिश में शामिल किया। 6 अगस्त को आरोपी दिल्ली से बिजनौर पहुंचे और रेकी के बाद घर में घुसकर अनिल सोती की नाड़े से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी टैक्सी से दिल्ली चले गए।
पुलिस ने मामले में निशा उर्फ अंजुम परवीन, अलीमुद्दीन, सुभाष और हीना को गिरफ्तार किया है। वहीं अधिवक्ता राजन नारायण समेत अन्य आरोपियों की तलाश और उनके खिलाफ साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है। कोतवाली शहर पुलिस की कार्रवाई के बाद अब पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस टीम में इंस्पेक्टर सचिन मलिक, थाना अध्यक्ष अवनीत मान और सर्विलांस टीम समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
ब्यूरो चीफ राम गोपाल,पाल, जनादेश भारत न्यूज
Labels :
#AnilSoti ,#AnilSotiMurderCase ,#BijnorNews ,