आज की ताज़ा खबरें - हर खबर एक ही जगह जानें राजनीति, खेल, मनोरंजन, और टेक्नोलॉजी की दुनिया से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर, वो भी तुरंत और सटीक। हर दिन की हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज़, गहराई से विश्लेषण और सभी प्रमुख घटनाओं की विस्तृत जानकारी !

हल्दौर पुलिस का बड़ा एक्शन!शराब के ठेकों में चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब,3 गिरफ्तार

 हल्दौर पुलिस की मुठभेड़ में अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन बदमाश गिरफ्तार, एक घायल
बिजनौर के थाना हल्दौर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान अंतरराज्यीय चोरी करने वाले गिरोह के तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गिरोह का सरगना आस मोहम्मद उर्फ आशु पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के करीब 30 हजार रुपये, शटर काटने के उपकरण और वारदात में इस्तेमाल की गई फर्जी नंबर प्लेट लगी स्विफ्ट कार बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह बिजनौर सहित दूसरे राज्यों में भी शराब की दुकानों को निशाना बनाता था। एसपी सिटी कृष्ण गोपाल सिंह ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया।
हल्दौर पुलिस
दरअसल, थाना हल्दौर क्षेत्र के पोखर बाजार और बालकिशन चौराहे से गंज रोड स्थित शराब की दुकानों में 2 नवंबर की रात शटर काटकर चोरी की गई थी। पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की थी।
15 नवंबर की रात मुखबिर की सूचना पर हल्दौर पुलिस ने कुण्डा नहर की पुलिया के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी सफेद स्विफ्ट कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर ग्राम कुम्हारपुरा नहर की पुलिया के पास कार को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, कार से उतरकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश आस मोहम्मद उर्फ आशु के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने घायल समेत तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आस मोहम्मद उर्फ आशु, कार्तिक शर्मा और अतुल त्यागी के रूप में हुई है। तीनों गाजियाबाद जनपद के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने हल्दौर के अलावा नजीबाबाद क्षेत्र के गुनियापुर में भी शराब की दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना आस मोहम्मद था, जबकि जबरुद्दीन नाम का सदस्य पहले शराब के ठेकों की रेकी करता था। आरोपी गूगल मैप के जरिए भी दुकानों की लोकेशन तलाशते थे और रात में शटर काटकर नकदी व शराब की बोतलें चोरी करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30 हजार रुपये नकद, बोल्ट कटर, पेचकस सहित चोरी में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मध्य प्रदेश में भी इसी तरह की चोरी की घटनाओं में जेल जा चुके हैं।
घायल आरोपी को उपचार के लिए पहले सीएचसी हल्दौर और फिर जिला अस्पताल बिजनौर भेजा गया है। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बाइट:- कृष्ण गोपाल सिंह, एसपी सिटी बिजनौर
Labels : #BijnorNews ,#HaldaurPolice ,#JanadeshBharatNews ,#PoliceEncounter ,#UPPolice ,

Post a Comment